1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. पिछले 24 घंटे में कोरोना के 21,822 नए मामले आये सामने, 299 की मौत

पिछले 24 घंटे में कोरोना के 21,822 नए मामले आये सामने, 299 की मौत

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

देश में कोरोना संकट अभी थमा नहीं है। हर दिन हजारों की संख्या में नए कोरोना केस सामने आ रहे हैं। वही, देश में कोरोना के अब तक 1 करोड़ 2 लाख 66 हजार केस हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 21 हजार 822 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इस दौरान 26 हजार 139 मरीज ठीक भी हुए। 299 की मौत हो गई।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 21 हजार 821 नए संक्रमित मिले हैं, इस तरह देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1 करोड़ 02 लाख 66 हजार 674 हो गई है। वहीं, इस दौरान 299 लोगों ने संक्रमण के चलते अपनी जान गंवाई है, इसके बाद कोरोना मृतकों की संख्या बढ़कर 1 लाख 48 हजार 738 हो गई है।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमणमुक्त मरीजों की संख्या बढ़कर 98 लाख 60 हजार 280 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 26 हजार 139 मरीजों ने कोरोना वायरस को मात दी है और इलाज के बाद ठीक होकर घर लौटे हैं।

वहीं, देश में कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या तीन लाख से नीचे बनी हुई है। देश में कोरोना के कुल सक्रिय मामलों की संख्या 2 लाख 57 हजार 656 है, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में सबसे ज्यादा रिकवरी हुई है। कुल रिकवरी के 52 फीसदी मामले इन्हीं पांच राज्यों में है। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट 90 फीसदी से ज्यादा है।

राहत की बात है कि मृत्यु दर और एक्टिव केस रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.45 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट करीब 96 फीसदी है। एक्टिव केस 3 फीसदी से कम है।

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के मुताबिक, 30 दिसंबर तक कोरोना वायरस के लिए कुल 17 करोड़ 20 लाख कोरोना के सैंपल टेस्ट किए गए, जिनमें से 11 लाख सैंपल कल टेस्ट किए गए।

देश में पॉजिटिविटी रेट सात फीसदी है। 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना के 20,000 से कम सक्रिय मामले हैं। कोरोना वायरस के कुल सक्रिय मामलों में 40 फीसदी मामले केरल और महाराष्ट्र से हैं।

सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का 10वां स्थान है। कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का दूसरा सबसे प्रभावित देश है। रिकवरी दुनिया में अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा भारत में हुई है। मौत के मामले में अमेरिका और ब्राजील के बाद भारत का नंबर है।

दिल्ली में बुधवार को 677 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 940 लोग ठीक हुए और 21 की मौत हो गई। अब तक संक्रमण के 6 लाख 24 हजार केस आ चुके हैं। इनमें से 6 लाख 08 हजार मरीज ठीक हो चुके हैं। 10 हजार 523 मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 हजार 838 मरीजों का इलाज चल रहा है।

महाराष्ट्र में बुधवार को 3 हजार 537 लोग संक्रमित पाए गए। 4 हजार 913 लोग ठीक हुए और 90 की मौत हो गई। अब तक 19 लाख 28 हजार लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 18 लाख 24 हजार मरीज ठीक हो चुके, जबकि 49 हजार 463 की मौत हुई, जबकि 53 हजार 66 मरीजों का इलाज अब भी चल रहा है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...