हाथरस में सामूहिक दुष्कर्म का शिकार चंदपा क्षेत्र की 19 वर्षीय युवती ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार सुबह करीब 6:00 बजे दम तोड़ दिया।
इस मामले में सियासत शुरू हो गई है। कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने दरिंदगी की शिकार बेटी के परिजनों से बात की है और तीन-चार दिन में हाथरस पहुंचकर उनसे मुलाकात करने का भरोसा दिया है। प्रियंका ने योगी सरकार पर निशाना साधा और कानून व्यवस्था का मसला उठाया।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने ट्विटर एकाउंट पर लगातार दो ट्वीट किया जिसमें उन्होंने कहा कि हाथरस में हैवानियत झेलने वाली दलित बच्ची ने सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो हफ्ते तक वह अस्पतालों में जिंदगी और मौत से जूझती रही। हाथरस, शाहजहांपुर और गोरखपुर में एक के बाद एक रेप की घटनाओं ने राज्य को हिला दिया है।
अपने अगले ट्वीट में प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था हद से ज्यादा बिगड़ चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं है। अपराधी खुले आम अपराध कर रहे हैं। इस बच्ची के कातिलों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। सीएम योगी आदित्यनाथ, यूपी की महिलाओं की सुरक्षा के प्रति आप जवाबदेह हैं।
…यूपी में कानून व्यवस्था हद से ज्यादा बिगड़ चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं है।अपराधी खुले आम अपराध कर रहे हैं।
इस बच्ची के क़ातिलों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। @myogiadityanath उप्र की महिलाओं की सुरक्षा के प्रति आप जवाबदेह हैं। 2/2
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) September 29, 2020
14 सितंबर को 19 साल की बेटी के साथ 4 दबंगों ने गैंगरेप किया और फिर लड़की पर जानलेवा हमला किया गया। लड़की की हालत इतनी खबर थी कि 9 दिन तक होश ही नहीं आया।
सोमवार को हालत बेहद गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया था। जहां आज उसकी मौत हो गई।पीड़िता ने चारों आरोपियों की पहचान संदीप, रामू, लवकुश और रवि के रूप में की थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया था कि संदीप को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
बाद में रामू और लवकुश को भी गिरफ्तार किया गया और शनिवार को चौथे आरोपी रवि को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।चारों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।