नागरिकता संशोधन कानून के बहाने मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता उमा भारती ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पर विवादित टिप्पणी की है। उमा भारती ने कहा कि, जिन्ना अब नहीं रहे, लेकिन यहां राहुल जिन्ना और प्रियंका जिन्ना है, जो माहौल को खराब कर रहे हैं और मुस्लिमों में CAA को लेकर डर फैला रहे हैं।
उमा भारती ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि, क्या हम में से किसी ने भी कहा है कि सोनिया गांधी के पिता मुसोलिनी की सेना में एक सैनिक थे? उन्होंने कहा कि, सोनिया की शादी हमारे देश में हुई है और वह हमारी बहू है। हम दिल से उनका सम्मान करते हैं।
दरअसल जेएनयू में हुई हिंसा को लेकर उमा भारती ने कहा था कि कुछ विचारक हैं जो ऐसे सांप की तरह हैं जो संख्या में तो बहुत कम हैं लेकिन बहुत जहरीले हैं। उन्होंने कहा था कि माहौल को जहरमुक्त बनाने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं, हमें कुछ चीजें ठीक करनी होंगी औऱ हम उसे ठीक कर रहे हैं।
आपको बता दें की नागरिकता संशोधन कानून को लेकर कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी पार्टियां सरकार का विरोध कर रही है। इसी को लेकर बीजेपी नेता उमा भारती ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।