अम्फान तूफान के आने से पहले ओडिशा और पश्चिम बंगाल से करीब 4.5 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। काफी भीषण चक्रवाती तूफान अम्फान के आज शाम तक पश्चिम बंगाल और बांगलादेश के तट के बीच पहुंचने की संभावना है।
एनडीआरएफ के प्रमुख एस एन प्रधान ने बुधवार को एक वीडियो संदेश के द्वारा जानकारी दी कि बचाव दल और प्रशासन ज्वारभाटा की लहरों से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकारों से मिले आंकड़ों के अनुसार ओडिशा से करीब सवा लाख और पश्चिम बंगाल से 3.30 लाख लोगों को चक्रवाती तूफान के चलते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
अध्यक्ष ने बताया कि सुबह तक प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक ओडिशा और पश्चिम बंगाल के प्रभावित इलाकों में बरिश और तेज हवाएं चलनी शुरू हो गई है। इस समय 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है और इन हवाओं की गति बढ़ने की आंशका है।