1. हिन्दी समाचार
  2. विदेश
  3. रूस में कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामले, 24 घंटे में 1000 से ज्यादा मौतें, दफ्तर बंद

रूस में कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामले, 24 घंटे में 1000 से ज्यादा मौतें, दफ्तर बंद

By Amit ranjan 
Updated Date

नई दिल्ली : रूस में कोरोना वायरस का आंकड़ा बहुत तेजी से बढ़ रहा है, जिसके कारण यहां दफ्तरों को बंद कर दिया गया है। आपको बता दें कि यहां पिछले 24 घंटे में 1024 लोगों की मौत हुई है। इसे लेकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कर्मचारियों के लिए एक हफ्ते की पेड लीव का ऐलान किया है। इतना ही नहीं उन्होंने लोगों से जिम्मेदारी दिखाते हुए वैक्सीन लगवाने की भी अपील की है।

आपको बता दें कि पुतिन ने 30 अक्टूबर से देश भर में एक हफ्ते की पेड लीव घोषित करने के सरकार के प्लान को मंजूरी दी है। पुतिन ने कहा कि, इसका मुख्य उद्देश्य लोगों के जीवन और स्वास्थ्य की रक्षा करना है।

रूस में 35% लोगों ने ली वैक्सीन

आपको बता दें कि पुतिन ने कोरोना के बढ़ रहे केसों के लिए टीकाकरण की धीमी रफ्तार को जिम्मेदार ठहराया। रूस में स्पुतनिक वी वैक्सीन की उपलब्धता के बावजूद सिर्फ 35% लोग ही फुली वैक्सीनेटेड हो पाए हैं। ऐसे में यहां पिछले हफ्तों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़े हैं।

पुतिन ने कहा कि वे इस बात से हैरान हैं कि इतने लोग रूसी वैक्सीन लेने इनकार कर रहे हैं, यहां तक कि इसमें उनके करीबी दोस्त भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि, यह अजीब है, लोग शिक्षित हैं, उनके पास वैज्ञानिक डिग्री हैं। मुझे समझ नहीं आ रहा, ऐसा क्यों हो रहा है?

नागरिक निभाएं अपनी जिम्मेदारी

पुतिन लगातार लोगों से कोरोना वैक्सीन लेने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने बुधवार को एक बार फिर नागरिकों से अपील की कि वे वैक्सीन लें। पुतिन ने लोगों से कहा कि वे जिम्मेदारी दिखाएं।

आपको बता दें कि बुधवार को रूस में कोरोना के 34000 नए मामले सामने आए। यहां अब तक 226,353 लोगों की मौत हो चुकी है। यह यूरोप में किसी देश में सबसे ज्यादा है। रूसी प्रशासन पर केस कम दिखाने का आरोप लगता रहा है। ऐसे में पुतिन ने क्षेत्रीय अधिकारियों से कहा कि वे कोरोना के मामलों की संख्या को कम ना रिपोर्ट करें। उन्होंने इसे खतरनाक बताया।