रिपोर्ट: गीतांजली लोहनी
पेरू: पूरी दुनिया पिछले एक साल से कोरोना वायरस के संकट से जूझ रही है। कोविड-19 के दौरान संक्रमण को बढ़ता देख देश-दुनिया में कई तरह की पाबंदिया लगायी गयी। हालांकि कई लोगों को कोविड-19 की गाइडलाइन को तोड़ते हुए भी पाया गया। नियमों की अनदेखी करने से बाज ना आने वाले लोगों को जुर्माना भी चुकाना पड़ा। ऐसे ही कोविड-19 के नियम को तोड़ते हुए जुर्माने से बचने के लिए एक लड़की ने पुलिसकर्मी के साथ ऐसा किया की उसी पर एक्शन हो गया।
दरअसल, दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में भी एक महिला को कोविड-19 के नियमों के उल्लंघन को लेकर ‘जुर्माना’ चुकाना पड़ा। लेकिन इस महिला ने ऐसा जुर्माना चुकाया कि पुलिसकर्मी की नौकरी पर बात आ गयी। यह घटना पेरू की राजधानी लिमा के मीराफ्लोर्स बोर्डवाक इलाके की थी। पहले इस महिला को पुलिसकर्मी ने रोका उसके बाद उसने उसे जाने दिया, पर एक ‘लिप-लॉक’ के बाद। यानी एक ‘किस’ की रिश्वत उसने महिला से वसूल की।
पेरू के एक टीवी चैनल ने बाद में इसका वीडियो भी जारी किया, जिसमें पुलिसकर्मी को कोविड-19 के नियमों को तोड़ने वाली महिला को छोड़ने से पहले उसके साथ ‘लिप-लॉक’ करते देखा जा रहा है। इस मामले के सामने आते ही प्रशासन ने इसकी त्वरित कार्रवाई की और मामले की जांच के आदेश दे दिए। वहीं, पुलिसकर्मी को ड्यूटी के निर्वाह में लापरवाही का हवाला देते हुए जांच पूरी होने तक निलंबित कर दिया गया।