1. हिन्दी समाचार
  2. क्राइम
  3. टीवी शो “बेपनाह प्यार’’ में अहम किरदार निभाने वाले पर्ल पुरी पर लगा रेप का आरोप, कोर्ट मे 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा

टीवी शो “बेपनाह प्यार’’ में अहम किरदार निभाने वाले पर्ल पुरी पर लगा रेप का आरोप, कोर्ट मे 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

रिपोर्ट: सत्यम दुबे

मुंबई: टीवी अभिनेता पर्ल पुरी ने एक ऐसा घिनौना काम कर दिया है, जिसे जानकर आप भी दंग रह जायेंगे। पर्ल पुरी पर आरोप है कि उन्होने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। बीती रात उनको मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद उनको कोर्ट में पेश किया गया। जहां वसई की एक कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

इस मामले में पुलिस अधिकारी ने बताया कि मीरा भयंदर-वसई विरार पुलिस ने आरोपी अभिनेता को अम्बोली थाने के पुलिस कर्मियों की सहायता से शुक्रवार रात को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की मानें तो आरोपी अभिनेता पर भारतीय दंड संहिता की धारा 376(दुष्कर्म) और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी की मानें तो, ‘‘नागिन 3’’, ‘‘बेपनाह प्यार’’ और ‘‘ब्रह्मराक्षस 2’’ जैसे धारावाहिकों में अहम किरदार निभाने वाले अभिनेता पुरी के खिलाफ एक नाबालिग लड़की और उसके परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर वसई के वालिव थाने में अभिनेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

पर्ल पुरी के समर्थन में निर्माता एकता कपूर, अभिनेत्री अनीता हसनंदानी और क्रिस्टल डिसूजा ने जैसे लोग सामने आये हैं। उन्होने अभिनेता पर्ल पुरी को बेगुनाह बताते हुए कहा है कि उन्हें फर्ज़ी मामले में फंसाया जा रहा है। एकता कपूर ने इंस्टाग्राम पर पुरी की गिरफ्तारी पर दुख जाहिर किया और आरोप लगाया कि अभिनेता को लड़की के पिता ने फर्जी मामले में फंसाया है।

इसके बात एकता कपूर ने पुरी के साथ अपनी फोटो साझा करते हुए कहा, ‘क्या मैं एक बच्ची का उत्पीड़न करने वाले या किसी भी तरह का उत्पीड़न करने वाले व्यक्ति का समर्थन करूंगी? लेकिन, बीती रात से अब तक जो मैंने देखा, वो मानवता के नजरिए से सबसे निम्न स्तर था।’

धारावाहिक ‘‘नागिन 3’’ में पुरी के साथ काम करने वाली एकता कपूर ने दावा किया कि लड़की की मां ने उनसे कहा था कि पुरी निर्दोष हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मीटू अभियान को निजी लाभ के लिए उपयोग करना बेहद गलत है।

एकता कपूर ने कहा कि हालांकि, इस मामले में अदालत अंतिम फैसला लेगी और उनका यह विचार उस बातचीत पर आधारित है जोकि लड़की की मां और उनके बीच हुई थी। एकता ने आगे कहा कि वह सभी संदेश और बातचीत उनके पास सुरक्षित हैं जोकि लड़की की मां और उनके बीच साझा किए गए थे।

जबकि हसनंदानी ने इस खबर को बेतुका करार देते हुए कहा, ‘‘मैं पुरी को अच्छी तरह जानती हूं और यह सच नहीं हो सकता। यह सबकुछ झूठ है। मुझे यकीन है कि सच जल्द ही सबके सामने आएगा। ’’

आरोपों को आधारहीन करार देते हुए डिसूजा ने कहा कि सच सामने आएगा और केवल आरोपों के हिसाब से किसी नतीजे पर ना पहुंचें।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...