रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: कर्नाटक के रायचूर जिले के चिंचोडी गांव से एक ऐसा हैरतअंगेज मामला सामना आया है, जिसे जानकर आपके भी होश उड़ जायेंगे। यहां एक 20 वर्षीय लड़की देवदासी प्रथा से बचने के लिए अपने घर से भाग गई। मिली जानकारी के मुताबिक कथित तौर पर लड़की के माता-पिता ने धमकी दी कि अगर उसने अपनी बहन के पति के साथ शादी नहीं की तो उसे देवदासी प्रथा का पालन करना होगा।
आपको बता दें कि देवदासी प्रथा हिंदू धर्म की बहुत पुरानी प्रथा है। इस प्रथा के तहत लड़की की शादी इश्वर या देवता से कर देते थे। मौजूदा वक्त में देश में देवदासी प्रथा पूरी तरह से बंद हो चुकी है, लेकिन आज भी कुछ जगहों पर ऐसी प्रथा को लेकर खबरें आती हैं। पीड़िता घर से भागकर अपने एक रिश्तेदार के यहां चली गई। हैरानी की बात तो ये है कि जब लड़की के माता-पिता को लड़की के बारे में पता चला तो उन्होंने उस रिश्तेदार को भी धमकाया।
इसके बाद इस मामले में महिला एवं बाल कल्याण कार्यालय अलर्ट हुआ। महिला एवं बाल कल्याण विभाग के हस्तक्षेप के बाद दीपिका को बचा लिया गया। एक अखबार के रिपोर्ट के अनुसार, लड़की को देवदुर्गा इलाके में आदिजंबावा एजुकेशन सोसाइटी के महिला पुनर्वास केंद्र भेजा गया है।
पीड़िता ने पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में पुलिस ने बताया कि लड़की के माता-पिता ने भी शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि वह अपनी पसंद के किसी व्यक्ति से शादी करना चाहती है और घर से नकदी लेकर भागने की साजिश रच रही है।
आपको बता दें कि लड़की के माता-पिता ने अनुरोध किया है कि लड़की को उन्हें सौंप दिया जाय, लेकिन लड़की ने उनके साथ रहने से मना कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि, लड़की की काउंसलिंग की जाएगी और अगर जरूरत पड़ी तो उसे स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता दी जाएगी। अगर वह चाहेगी तो उसकी शादी भी उसकी पसंद के व्यक्ति के साथ ही कर दी जाएगी।