रिपोर्ट: सत्यम दुबे
पटना: मुजफ्फरपुर से एक ऐसा हैरतअंगेज मामला सामने आया है, जिसे जानकर आप भी सोच में पड़ जायेंगे। डॉक्टरों की एक ऐसी लापरवाही सामने आई है, जहां पैर के ऑपरेशन की जगह हाथ काटना पड़ गया। ऑपरेशन के दौरान महिला को गलत जगह सूई लगा दी गई, जिसके कारण महिला का हाथ काटना पड़ा। हैरानी की बात यह है कि लगभग 11 महीने तक पटना के अस्पताल में इलाज कराने के बाद महिला अपने घर पहुंची।
आपको बता दें कि मामला मुजफ्फरपुर के करजा थाना क्षेत्र का है, जहां की रहने वाली आभा शहर के ब्रह्मपुरा क्षेत्र के निजी अस्पताल में इलाज कराने आई थी। महिला और उसके परिवारवालों ने निजी अस्पताल के डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इस दौरान उनका कहना है कि पैर के ऑपरेशन के बदले उन्हें हाथ कटवाना पड़ा है।
पीड़िता की मानें तो पिछले साल इलाज के लिए वह अस्पताल आई थी। अस्पताल के डॉक्टरों ने गलत तरीके से इलाज किया। इसके बाद एक हाथ काम नहीं कर रहा था और जब इस बारे में डॉक्टर को बोला गया तो उसने यह कह कर बात गोलमोल कर दी कि इलाज का खर्चा हम उठा लेंगे और आर्टिफिशियल हाथ भी लगा देंगे। लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी डॉक्टर ने कुछ नहीं किया। जब हम लोग डॉक्टर से मिलने गए तो मेरे बेटे के साथ मारपीट की गई।
महिला ने डॉक्टरों पर आरोप लगाते हुए कहा कि डॉक्टरों की गलती के कारण उसे अपने हांथ को गंवाना पड़ा। आपको बता दें कि अस्पताल के स्टाफ और परिजनों के बीच मारपीट भी हुई। सूचना पाकर ब्रह्मपुरा थाना की पुलिस ने मामला शांत कराया और पीड़िता को थाने ले आई। पुलिस ने पीड़ित पक्ष से लिखित आवेदन लिया और मामले की जांच में जुट गई।
वहीं दूसरी ओर अस्पताल प्रबंधन मामले से पल्ला झाड़ते नजर आया। बाद में अस्पताल ने अपनी गलती को स्वीकार किया है। अस्पतला प्रबंधन का कहना है कि इंजेक्शन लगने के कारण इंफेक्शन हुआ था। थाना प्रभारी एस अरशद नोमान का कहना है कि पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों के मुताबिक, 3 फरवरी को वह अपने घर में गिर गई थीं। इस दौरान उनका कूल्हा टूट गया था।