संजय मिश्रा के साथ पिछले साल फिल्म ‘कांचली’ में हीरोइन के तौर पर नजर आईं और इससे पहले शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘फैन’ और तापसी पन्नू के साथ फिल्म ‘रनिंग शादी। कॉम’ में काम कर चुकीं अभिनेत्री शिखा मल्होत्रा गुरुवार की रात को लकवे का शिकार हो गयीं। उन्हें मुम्बई के कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इससे पहले शिखा मल्होत्रा कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई थीं। हालांकि, वह कोरोना को मात देकर ठीक हुई थीं और अब वह पैरालिसिस के चलते अस्पताल में भर्ती हैं।
बताया जा रहा है कि पैरालिसिस के चलते शिखा मल्होत्रा के शरीर के दाएं हिस्से ने काम करना बंद कर दिया है। शिखा के मैनेजर अश्विनी शुक्ल ने इंस्टाग्राम के जरिए शिखा की सेहत की जानकारी दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर शिखा की एक फोटो पोस्ट करते हुए बताया है कि शिखा मल्होत्रा एक बार फिर अस्पताल में भर्ती हैं।
अश्विनी लिखते हैं- ‘शिखा मल्होत्रा एक बार फिर अस्पताल में भर्ती हैं. कोरोना वायरस से जंग जीतने के एक महीने बाद 10 दिसंबर को देर रात उन्हें पैरालिसिस अटैक आया। जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह बात करने में पूर्णतया असक्षम हैं। उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करें।
शुक्ला ने बताया कि लकवाग्रस्त होने के चलते शिखा के शरीर का दायां हिस्सा बुरी तरह से प्रभावित हुआ है और वो इस वक्त ना तो चलने-फिरने की हालत में है और न ही कुछ बोलने की, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि शिखा की हालत पहले से बेहतर है।