पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी ने आफत मचाई हुई है। जम्मू कश्मीर में पिछले 48 घंटों से हिमस्खलन और भारी बर्फबारी से कुपवाड़ा के माछिल सेक्टर में रिंगबाला इलाके में बर्फीला तूफान आया। 45 राष्ट्रीय रायफल के पांच जवान इस तूफान की चपेट में आ गए। जानकारी मिलते ही सेना ने बचाव कार्य शुरू किया। जब तक जवानों की टुकड़ी बर्फ में दबे सैनिकों तक पहुंचती तब तक तीन जवान शहीद हो चुके थे। दो लापता जवानों की तलाश अभी जारी है।
बता दें कि, जम्मू-कश्मीर में हुई बारिश और बर्फबारी ने लोगों की दुश्वारियां और बढ़ा दी। इस दौरान बारामुला, बांदीपोरा और गांदबरबल में हिमस्खलन में कई मकान दब गए हैं, जबकि भूस्खलन की चपेट में आकर रामबन में एक युवक की मौत हो गई। रियासी के खरोड़ी करूर इलाके में भूस्खलन की चपेट से एक वैन नदी में गिर गई। इसमें चालक की मौत हो गई, जबकि तीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं भूस्खलन के चलते प्रदेश में सौ से अधिक संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं।
लेह जिले के मैजिस्ट्रेट सचिन कुमार वैश्य ने कहा, ‘बर्फ के ऊपर पानी के बहाव के कारण ट्रेकर टिब और नेयार्क शिविरों के बीच फंस गए थे, जिन्हें बचा लिया गया है। उन्होंने कहा, ‘वे सभी सुरक्षित हैं और जिला प्रशासन द्वारा उनकी सुरक्षा और निकासी के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।