दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव 2020 के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस ने अपनी लिस्ट में 7 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। इस बार कांग्रेस ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नई दिल्ली सीट से रोमेश सभरवाल को मैदान में उतारा है।
कांग्रेस ने अपनी दूसरी लिस्ट में तिलक नगर से रमिंद्र सिंह बमराह, राजिंदर नगर से रॉकी टूसिड, बदरपुर से प्रमोद कुमार यादव, कोंडली से अमरीश गौतम, घोंडा से भीष्म शर्मा, करावल नगर से अरविंद सिंह को टिकट दिया है। इसी के साथ कांग्रेस ने अभी तक कुल 61 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी की तरफ से पहले 54 उम्मीदवारों की लिस्ट सामने आई थी जिसमें आप छोड़कर कांग्रेस का हाथ थामने वाली अलका लांबा को चांदनी चौंक ने टिकट दिया है।
इसके अलावा दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा की पुत्री शिवानी चोपड़ा को कालकाजी और चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख कीर्ति आजाद की पत्नी को संगम विहार से टिकट मिला है। बता दें कि दिल्ली में नामांकन प्रक्रिया बीते 14 जनवरी से शुरू हो चुकी है। 21 जनवरी तक नामांकन दाखिल करने की आखिरी तिथि है। दिल्ली में 8 फरवरी को मतदान होगा और 11 को नतीजे आएंगे।