मुंबई : राजश्री प्रोडक्शन के कई फिल्मों में संगीत देने वाले जाने-माने संगीतकार राम लक्ष्मण उर्फ विजय पाटिल का शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 2.00 बजे महाराष्ट्र के नागपुर में हार्ट अटैक से निधन हो गया। इस बात की पुष्टि करते हुए 78 वर्षीय विजय पाटिल के बेटे अमर पाटिल ने कहा कि, “पिताजी कोरोना से संक्रमित नहीं थे। उन्होंने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज 6-7 दिन पहले ही ली थी। इसके बाद से उन्हें बुखार और कमजोरी सी महसूस हो रही थी। रात 2.00 बजे उन्हें हार्ट अटैक आया और वे चल बसे।”
उल्लेखनीय है राम लक्ष्मण उर्फ विजय पाटिल का जन्म महाराष्ट्र के नागपुर शहर में हुआ था। उनके बेटे अमर पाटिल ने बताया कि कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर वे अपने पिता को पिछले साल अक्टूबर को नागपुर में अपने घर ले गये थे और तब से वो वहीं रह रहे थे।”
आपको बता दें कि राम लक्ष्मण ने करीब 200 से भी ज्यादा फिल्मों में म्यूजिक दिया था। जिनमें हिंदी भोजपुरी और मराठी फिल्में शामिल रहीं। राजश्री प्रोडक्शन की फिल्मों ने उन्हें खास पहचान दिलाई थी। उससे पहले विजय पाटिल को इंडस्ट्री में लेकर आए थे दादा कोंडके, जिनकी मराठी फिल्मों से उन्होंने अपने काम की शुरुआत की थी। फिर दादा कोंडंके की कई हिंदी फिल्मों में भी विजय पाटिल ने संगीत दिया।
विजय राम लक्ष्मण की जोड़ी के लक्ष्मण थे और उन्होंने अपने जोड़ीदार सुरेंद्र के साथ म्यूजिक देना शुरू किया था। सुरेंद्र यानी राम का निधन 1976 में हो गया था। जैसे ही उन्होंने अपनी पहली हिंदी फिल्म एजेंट विनोद का म्यूजिक पूरा किया। फिल्म की रिलीज के बाद तक विजय ने अपनी जोड़ी राम लक्ष्मण के नाम से ही कायम रखी और अकेले ही हिंदी और मराठी फिल्मों में संगीत दिया।
Mujhe abhi pata chala ki bahut guni aur lokpriya sangeetkar Ram Laxman ji (Vijay Patil) ji ka swargwas hua. Ye sunke mujhe bahut dukh hua. Wo bahut acche insaan the.Maine unke kai gaane gaaye jo bahut lokpriya hue. Main unko vinamra shraddhanjali arpan karti hun. pic.twitter.com/CAqcVTZ8jT
— Lata Mangeshkar (@mangeshkarlata) May 22, 2021
विजय पाटिल के निधन पर शोक जताते हुए लता मंगेशकर ने लिखा कि, “अभी पता चला है कि बहुत गुणी और लोकप्रिय संगीतकार राम लक्ष्मण जी (विजय पाटिल) का स्वर्गवास हुआ है। वो बहुत अच्छे इंसान थे। मैंने उनके कई गाने गाये जो काफी लोकप्रिय हुए। मैं उनको विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं।”
आपको बता दें कि राम लक्ष्मण ने राजश्री प्रोडक्शन के ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन’ जैसे कई फिल्मों में म्यूजिक दिये है। राजश्री प्रोडक्शन के अलावा राम लक्ष्मण ने 100 डेज, अनमोल और आई लव यू जैसी फिल्मों का भी म्यूजिक दिया। लेकिन पहचान राजश्री प्रोडक्शन की 1989 में आई फिल्म मैंने प्यार किया से मिली।